Personalized
Horoscope

तुला वार्षिक राशिफल 2022: Tula Rashifal 2022

Tula Rashifal 2022 MyKundali का तुला राशिफल 2022 वैदिक ज्योतिष और सभी ग्रहों व नक्षत्रों की गणना पर आधारित है, जिसकी मदद से तुला राशि वालों को इस साल अपने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी चुनौतियों और शुभ अवसरों का पता चलेगा। तुला राशि वायु तत्व से संबंधित, राशिचक्र की सातवीं राशि है। इसके स्वामी ग्रह भौतिक सुखों के देवता शुक्र होते हैं। तुला राशि के जातक स्वभाव से रचनात्मक होने के साथ-साथ, यात्राओं पर जाने के शौकीन होते हैं। इन लोगों को मनोरंजन अधिक प्रिय होता है और ये अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कुछ अनोखा करने की लगातार कोशिश व प्रयास करते देखे जाते हैं। तुला राशि वालों की प्रेम में रुचि भी अधिक होती है। तो चलिए अब आगे विस्तार में Tula Rashifal 2022 से जुड़ी हर छोटी-बड़ी भविष्यवाणियों पर डालते हैं एक नज़र:-

Click here to read in English- Libra Horoscope 2022

तुला राशिफल 2022: करियर

तुला वार्षिक राशिफल 2022 के अनुसार, तुला राशि के नौकरीपेशा जातकों के लिए साल 2022 का शुरूआती भाग कुछ अधिक अनुकूल नहीं दिखाई दे रहा है। इस समय कई कारणों से आपको कार्यस्थल पर थोड़ी निराशा का सामना करना पड़ सकता है। सबसे अधिक इस वर्ष का पूर्वार्द्ध, आपको कार्य से जुड़ी कई चुनौतियाँ देगा और इस दौरान आपको अधिक प्रयास करने के बाद ही सफलता मिल सकेगी।

हालांकि, गुरु बृहस्पति का आपकी राशि पर सकारात्मक प्रभाव आपको उन सभी चुनौतियों से लड़ने में मददगार भी सिद्ध होगा। साथ ही इस वर्ष आपके कार्यक्षेत्र के भाव पर कर्मफल दाता शनि का प्रभाव भी आपको लगातार करियर में आगे बढ़ने के लिए व्यस्त रखेगा। वो जातक जो व्यापार से जुड़े हैं, उनके लिए मार्च के दौरान गुरु बृहस्पति का प्रभाव बेहद लाभकारी रहने वाला है।

इसके अलावा इस वर्ष अप्रैल के बाद की अवधि, जब गुरु बृहस्पति अपनी स्वराशि मीन में होंगे और अप्रैल के बाद ही शनि भी अपनी स्वराशि कुंभ राशि में विराजमान होंगे, तब आपकी नौकरी में बदलाव होने की संभावना अधिक रहेगी। इस वर्ष सबसे अधिक अप्रैल से जुलाई तक शनि देव का प्रभाव और उनकी आपकी राशि में शुभ स्थिति, करियर में आपको सकारात्मक परिणाम देने वाली है। शनि देव की ये उत्तम स्थिति उन जातकों के लिए भी अनुकूल होगी, जो व्यवसाय से जुड़े हैं।

परंतु राहु-केतु का प्रभाव आपको कुछ समस्या देने का कार्य करेगा, इसलिए आपको अपने हर कार्य के प्रति बेहद सतर्कता बरतने की ज़रूरत होगी। क्योंकि इस समय छायाग्रह राहु आपके व्यापार के सप्तम भाव में और केतु आपकी ही राशि अर्थात आपके प्रथम भाव में होंगे।

राशिफल 2022 की मदद से जानें नए साल की सभी भविष्यवाणी!

तुला राशिफल 2022: आर्थिक जीवन

तुला आर्थिक राशिफल 2022 के अनुसार, तुला राशि के जातकों के लिए शुरुआती समय से लेकर अप्रैल तक की अवधि के दौरान आय से अधिक धन खर्च होने की आशंका है। हालांकि, इसके अतिरिक्त अप्रैल के बाद ग्रहों का फेरबदल आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार लेकर आएगा। क्योंकि इस समय आपके एकादश भाव के स्वामी सूर्य अपनी उच्च अवस्था में होंगे और वहीं शनि देव भी आपकी राशि से पंचम भाव में गोचर करेंगे।

इसके फलस्वरूप, जिन भी जातकों को शुरूआती समय में आर्थिक तंगी से दो-चार होना पड़ रहा था उनकी हर तंगी दूर होगी। साथ ही शनि देव और सूर्य देव की अप्रैल के बाद से शुभ स्थिति उन जातकों के लिए भी आय के स्रोतों में वृद्धि होने के योग बनाएगी, जो व्यवसाय से जुड़े हैं। व्यापारी जातक सबसे अधिक अप्रैल से जुलाई के बाद, नए निवेशों में अपना धन लगाते हुए उससे अच्छा मुनाफ़ा भी अर्जित करेंगे।

तुला राशिफल 2022: शिक्षा

Tula Rashifal 2022 के अनुसार, वर्ष की शुरुआत तुला राशि के छात्रों के लिए थोड़ी प्रतिकूल रहने वाली है। ये समय उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाले जातकों के लिए भी शुभ नहीं होगी, क्योंकि इस दौरान बुद्धि के देवता बुध आपकी राशि से तीसरे भाव में और कर्मफल दाता शनि आपके चौथे भाव में विराजमान होंगे। ऐसे में आपकी राशि से चतुर्थ भाव में शनि की उपस्थिति, तुला राशि के विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई में कुछ आलसी व सुस्त बनाएगी।

साथ ही मार्च के दौरान बुध की आपकी राशि में दुर्बल अवस्था, पढ़ाई में आपकी रुचि को कम करने का कार्य करेगी। हालांकि, अप्रैल के बाद जब शनि देव राशि परिवर्तन करते हुए आपके पंचम भाव में गोचर करेंगे, तो वो समय छात्रों के जीवन में कुछ सकारात्मकता लेकर आएगा। साथ ही जून के बाद बुध भी आपकी राशि से दूसरे भाव में गोचर करेंगे, जिसके परिणामस्वरूप शिक्षा में आपका प्रदर्शन बेहतर होगा और आप अपना मन पढ़ाई के प्रति केंद्रित रखने में सक्षम होंगे। अगस्त के बाद भी, आप अपनी पढ़ाई के प्रति अधिक केंद्रित होते हुए, अपनी परीक्षाओं में अच्छे फल अर्जित करेंगे।

तुला राशिफल 2022: पारिवारिक जीवन

तुला पारिवारिक राशिफल 2022 के अनुसार, इस वर्ष अप्रैल के बाद आपको घर-परिवार से जुड़े कई भावनात्मक वाद-विवादों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि इस दौरान छायाग्रह राहु आपकी राशि से सप्तम भाव में गोचर करेंगे। हालांकि, इसके पहले की अवधि में शुरुआत से लेकर अप्रैल माह तक आपकी राशि पर गुरु बृहस्पति की शुभ स्थिति होगी, जिसके परिणामस्वरूप आप परिवार से जुड़ी हर समस्या व विवाद को सुलझाने में पूरी तरह सक्षम रहेंगे।

परंतु अप्रैल के बाद, राहु और केतु के गोचर के कारण परिस्थितियों में कुछ नकारात्मक बदलाव आएगा। साथ ही अप्रैल के दौरान, शनि देव आपकी राशि से पंचम भाव में गोचर करेंगे और आपको पारिवारिक जीवन से जुड़े कुछ मुद्दों में राहत देंगे। लेकिन बावजूद इसके घर पर अशांति भरा वातावरण पूरी तरह खत्म नहीं होगा। इसके अलावा अगस्त के बाद ही, पारिवारिक जीवन में आपको उत्तम फल मिल सकेंगे।

अपनी राशि अनुसार पढ़ें, सबसे सटीक अपना आज का राशिफल

तुला राशिफल 2022: प्रेम व वैवाहिक जीवन

तुला वार्षिक राशिफल 2022 के अनुसार, इस वर्ष की शुरुआत से लेकर अप्रैल तक की अवधि आपके लिए अधिक अनुकूलता दर्शा रही है। क्योंकि इस दौरान गुरु बृहस्पति आपके प्रेम संबंधों में सुधार करते हुए, प्रेम और विवाह में आपको उत्तम अवसर देने का कार्य करेंगे। वो विवाह योग्य जातक जो शादी के बंधन में बंधने के इच्छुक हैं, उनके लिए अप्रैल तक का समय विशेष शुभ रहेगा।

हालांकि, अप्रैल के बाद छायाग्रह राहु और केतु का गोचर आपके लिए थोड़ा प्रतिकूल रहने वाला है। क्योंकि इस दौरान जहाँ राहु आपकी राशि से सप्तम भाव में, तो वहीं केतु आपकी ही राशि अर्थात आपके प्रथम भाव में अपना गोचर करते हुए आपको प्रेम संबंधों में कुछ समस्या दे सकते हैं। इस वर्ष राहु और केतु का ये गोचर आपको विवाह के लिए अपनी इच्छा अनुसार अच्छे प्रस्ताव नहीं देते हुए, एक बाधा के रूप में आपकी परेशानियां बढ़ाने वाला है।

इसके अलावा अप्रैल से जुलाई तक की अवधि आपके लिए कुछ बेहतर रहेगी। क्योंकि इस समय शनि देव आपको बेहतर विवाह प्रस्ताव देने में ख़ासा मददगार साबित होंगे। परंतु बावजूद इसके किसी रिश्ते को आगे बढ़ाना आपके लिए आसान नहीं रहेगा और आपको संभवतः आने वाले प्रस्ताव को सुरक्षित करने के लिए किसी प्रकार का कोई समझौता भी करना पड़ सकता है। कुल मिलाकर कहें तो, इस वर्ष विवाह के संबंध में आपके लिए शनि देव ही एकमात्र ऐसे ग्रह साबित होंगे जो साल के उत्तरार्ध में आपके पक्ष में फल देने का कार्य करेंगे। विवाह के लिए सितंबर से अक्टूबर का समय, सबसे अधिक आपके लिए बेहतर रहेगा।

तुला राशिफल 2022: स्वास्थ्य

तुला राशिफल 2022 (Tula Rashifal 2022) के अनुसार, तुला राशि के जातकों के लिए वर्ष की शुरुआत से लेकर अप्रैल तक का समय स्वास्थ्य की दृष्टि से उत्तम रहेगा। क्योंकि इस दौरान गुरु बृहस्पति आपकी ही राशि पर दृष्टि डालेंगे। परंतु बावजूद इसके, आपकी राशि के चतुर्थ भाव पर शनि देव की उपस्थिति होने के कारण आपको कुछ सुस्ती भी महसूस होगी।

इसके अलावा अप्रैल के बाद, आपके सप्तम भाव पर राहु की स्थिति के कारण आपके मानसिक तनाव और चिंता में भी वृद्धि होने की संभावना है। वहीं इस वर्ष केतु के प्रथम भाव में विराजमान होने पर, आपको पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में खुद को स्वस्थ और सेहतमंद रखने के लिए ध्यान और योगाभ्यास करना आपके लिए चमत्कार सिद्ध होगा।

यहाँ क्लिक कर मुफ्त में करें, नाम से कुंडली मिलान !

तुला राशिफल 2022: उपाय

  • इस वर्ष उत्तम परिणामों की प्राप्ति हेतु, प्रतिदिन दुर्गा चालीसा का जाप करें।
  • विशेष रूप से हर मंगलवार के दिन राहु-केतु से संबंधित हवन करें।
  • प्रतिदिन माथे पर लाल सिंदूर या कुमकुम का तिलक लगाएं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

1. तुला राशि के अच्छे दिन कब आएंगे 2022?

तुला राशि के जातक अप्रैल के बाद अच्छे दिन की उम्मीद कर सकते हैं। 13 अप्रैल को बृहस्पति का गोचर आपके लिए कई मायनों में शुभ रहने वाला है।

2. तुला राशि की किस्मत कब चमकेगी?

अप्रैल 2022 में बृहस्पति के गोचर के प्रभाव से आपकी किस्मत चमक सकती है। इस दौरान आपको लंबे समय से अटकी पदोन्नति या स्थानांतरण मिलने की संभावना है।

3. तुला राशि के लिए कौन सा व्यापार लाभ?

लेखक, कंपोजर, डिज़ाइनर्स, इंटिरियर डेकोरेटर, समीक्षक, प्रशासक एवं वकालत के क्षेत्रों में तुला जातक अच्छा नाम कमा सकते हैं।

4. तुला राशि वालों का भाग्योदय कब होगा?

वर्ष 2022 के मध्य भाग में आपका भाग्योदय होने की पूरी संभावना है। इस दौरान आपको करियर से संबंधित नए अवसर प्राप्त होंगे।

5. तुला राशि वाले किसकी पूजा करें?

तुला राशि का शासक ग्रह शुक्र है। ऐसे में शुक्रवार का व्रत करना आपके लिए शुभ साबित हो सकता है।

6. तुला राशि वालों की किस्मत में क्या है?

वर्ष 2022 में शनि के गोचर के प्रभावस्वरुप आप अधिकतर समय मेहनत करते दिखेंगे। इस दौरान आप निराश भी होंगे लेकिन उसी उत्साह के साथ दोबारा उठ खड़े भी होंगे।

हमें उम्मीद है कि आपको हमारा लेख पसंद आया होगा। MyKundali का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनने के लिए आपका धन्यवाद। वर्ष 2022 से जुड़े अन्य ज्योतिष आधारित लेख पढ़ने के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।